सबसे बड़ी जीत के लिए रूठों को मनाना जरूरी : अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि करहल से सबसे बड़ी जीत के लिए रूठों को मनाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नाराज लोगों को मनाने की अपील की। उन्होंने करहल के जैन इंटर कॉलेज को विश्वविद्यालय बनाने और नरसिंह इंटर कॉलेज के उच्चीकरण की बात भी दोहराई। करहल में रोजगार परक शिक्षण संस्थान बनाने का भी वादा किया।
नरसिंह इंटर कॉलेज में सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वह पूरे प्रदेश में सपा के लिए वोट मांग रहे हैं। कहीं ऐसा न हो कि इसी में उलझकर वे अपने लिए वोट ही न मांग पाएं। इसलिए वे करहल की जनता से वोट मांगने आए हैं। उन्होंने कहा कि करहल की जनता ने हमेशा ही समाजवादी पार्टी को जिताने का काम किया है, इस बार भी जनता यही करेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सबसे बड़ी जीत तभी संभव है जब सब एक साथ हों। उन्होंने कम से एक बार नाराज लोगों के पास जाकर समर्थन मांगने की अपील की। उन्होंने जिले के लोगों से अन्य तीन सीटों पर भी सपा प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए कहा।