शादी समारोह से लौट रहे आर्केस्ट्रा कर्मचारी को ईदगाह चौराहे पर चीता मोबाइल के सिपाहियों ने न केवल मारापीटा बल्कि साढ़े चार हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित थाने पहुंचा तो सिपाहियों ने उसे दोबारा पीटा। एसएसपी से शिकायत के बाद उसे थाने से पीली पर्ची मिली। जांच में दोषी पाए जाने पर उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मलपुरा के गांव मनकेड़ा निवासी दयाशंकर शर्मा आर्केस्ट्रा में काम करता है। उसने बताया कि 29 जनवरी की रात तकरीबन 11 बजे वह सदर से शादी समारोह से लौट रहा था। वह ऑटो से ईदगाह चौराहे पर उतरा। वहां एक दुकानदार से कहासुनी हो गई। इसी बीच चौराहे पर तैनात चीता के दो सिपाहियों ने हस्तक्षेप कर उसकी पिटाई कर डाली। उसका पर्स और मोबाइल छीन लिए। पर्स में 4500 रुपये व आधार कार्ड था। वह रात में थाने पहुंचा और सिपाहियों की शिकायत की। मुंशी ने दोनों सिपाहियों को थाने बुलाया तो उन्होंने थाने में पीड़ित को दोबारा पीटा और धमकी देकर भगा दिया। 30 जनवरी को उसने एसएसपी राजेश डी. मोदक से शिकायत की। एसएसपी ने पीड़ित का मेडिकल कराया और पीली पर्ची दिलवाई। मामले की जांच एसआई अजीम खान को सौंपी गई है।