एटा: मिट्टी गिरने के बाद मौके पर पहुंचे लोग
- फोटो : अमर उजाला
एटा जनपद में थाना व कस्बा सकीट स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास अंडरग्राउंड मार्केट निर्माण के लिए खोदाई करते समय मिट्टी ढह गई। जिसमें चार मजदूर दब गए। इस घटना के बादर चीख-पुकार मच गई। मिट्टी में दबे तीन मजदूर किसी तरह बाहर निकल आए। लेकिन एक मजदूर बुरी तरह दब गया, जिसे निकालने में करीब दो घंटे का समय लग गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
20 फीट की गहराई
कस्बा सकीट के मोहल्ला उरहना निवासी रामपाल (40) पुत्र गोपाल की मौत हुई है। जबकि मोहल्ला के ही दीपक कुमार, महीपाल और अंकुल घायल हुए हैं। परिजनों ने बताया कि कस्बा के ही रमेशचंद्र त्रिपाठी का एसबीआई के सामने अंडरग्राउंड मार्केट बन रहा है। इसके लिए बेसमेंट की खुदाई मजदूरों से कराई जा रही है। करीब 20 फीट गहराई तक बेसमेंट की खुदाई हो गई थी। जिसकी मिट्टी निकालने में चार मजदूर लगे थे। बुधवार सुबह करीब 11 बजे कार्य करते समय अचानक मिट्टी की ढाय गिर गई। इसमें चारों मजदूर दब गए। दीपक, महीपाल और अंकुल किसी तरह बाहर निकल आए। लेकिन रामपाल नहीं निकल पाया।
पुलिस को किया लोगों ने सूचित
मिट्टी की ढाय गिरने की तेज आवाज के साथ ही चीख-पुकार मची तो आसपास के लोग पहुंच गए। पुलिस को खबर दी गई। रामपाल को निकालने के लिए जेसीबी मंगाई गई। लेकिन बेसमेंट की गहराई अधिक होने की वजह से जेसीबी इसमें नहीं उतर पाई। इसके बाद लोग ही फावड़ा लेकर मिट्टी हटाने में जुट गए। करीब दो घंटे बाद रामपाल को निकाला गया, तो सांसें चल रही थीं। जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सुभाष बाबू कठेरिया ने बताया कि मिट्टी की ढाय में दबकर एक मजदूर की मौत हुई है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। तीन अन्य मजदूर घायल हुए हैं।
ये भी पढ़ें:
यूपी: केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने किया ओवैसी के बयान का समर्थन, अल्पसंख्यक समुदाय के नाते मिले मुस्लिमों को प्रतिनिधित्व