आगरा के मोती बाग, यमुना ब्रिज घाट निवासी अजीत सिंह (32) ने सोमवार को घर में फंदे से लटककर जान दे दी। वह एसएन मेडिकल काॅलेज में वार्ड बॉय थे। उन्होंने जान देने से पहले मोबाइल फोन से वीडियो बनाया। इसमें मौत के लिए पत्नी, सास और साले को जिम्मेदार ठहराया। यह भी कहा कि मेरे घरवालों को परेशान नहीं किया जाए। सुसाइड नोट भी छोड़ा, इसमें लिखा कि अन्नू आई लव यू, तेरा बाबू। इसके बाद पत्नी को बुलाने जाने पर झगड़ा कर ससुराल आने से मना करने की बात लिखी। इसमें ही वीडियो की जानकारी थी। एसीपी छत्ता हेमंत कुंमार ने बताया कि परिजन की तहरीर पर मृतक की पत्नी अंजलि, सास सुनीता, ससुर हाकिम सिंह, साले अंशु, उसकी पत्नी तनु और साली तन्नू के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है।
अजीत सिंह की शादी जनवरी, 2016 में नरीपुरा की अंजलि से हुई थी। भाई सोहन ने बताया कि शादी के 1 साल बाद से ही अजीत और भाभी घर से अलग शाहगंज में रहने लगे। अजीत ने पत्नी का मोबाइल फोन ले लिया था। इस पर अंजलि ने थाना लोहामंडी में मोबाइल चोरी का आरोप लगाया। पुलिस की पूछताछ के बाद मामला खत्म हुआ।
सुसाइड नोट भी छोड़ा
अंजलि मायके में रहने लगी। वहीं अजीत भी अपने घर आ गया। सोमवार को वह पहले ड्यूटी पर आया। इसके बाद दोस्त राहुल और मोनू के साथ ससुराल पहुंचा। आरोप है कि अजीत ने पत्नी से माफी मांगी और घर चलने को कहा। सास सुनीता और भाई अंशु ने अभद्रता की। इस पर पत्नी ने मना कर दिया। इसके बाद अजीत ने घर आकर पहली मंजिल की रसोई में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मेरी आत्महत्या के लिए सिर्फ तीन लोग जिम्मेदार
सोहन ने बताया कि अजीत 5 भाइयों में सबसे बड़े थे। उन्होंने छोटे भाई लखन के मोबाइल से वीडियो बनाया। इसमें वो बोल रहे हैं कि मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं। मेरी आत्महत्या के लिए सिर्फ और सिर्फ तीन लोग हैं। मेरी पत्नी, सास और साला हैं।