आगरा में तोता का ताल स्थित जल निगम के खुले गड्ढे में डूबकर छह साल के बच्चे जीशान की मौत के मामले में जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय कृष्णनंद तिवारी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। मजिस्ट्रेटी जांच के लिए संबंधित पक्षों को पहले नोटिस जारी होंगे, फिर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।
गड्ढे में गिरने से बच्चे की मौत मामले में बृहस्पतिवार को बहुजन समाज पार्टी के मंडल कोआर्डिनेटर शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बीएसएनएल व जल निगम अधिकारियों से मुलाकात की। लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान महानगर अध्यक्ष कामरान कुरैशी, वीरेंद्र वीरू, मान पाल सिंह, नासिर अब्बासी आदि मौजूद रहे।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने इलाके में गड्ढों को चिह्नित करें। अगर, सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं तो संबंधित विभाग को नोटिस दें। आगरा में गड्ढों में पहले भी जान जा चुकी है। बालक जीशान की मौत के मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। सड़क पर गड्ढा खोदकर सुरक्षा के इंतजाम की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और ठेकेदार की होती है।
- पुलिस ने वादी, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए।
- कार्यदायी संस्था की लापरवाही से हादसा होना पाया गया।
- बीएसएनएल के लिए काम करने वाली प्रवर इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रत्युष शर्मा और जल निगम के लिए काम करने वाली मनीषा प्रोजेक्ट्स कंपनी के सुपरवाइजर देवेश पचौरी ने गड्ढा खोदवाया।