मैनपुरी। जिले में बुखार, डायरिया और अस्थमा के मरीजों की दिक्कतें बढ़ी हैं। पिछले 24 घंटे में जिला अस्पताल में एक मासूम सहित छह मरीजों ने दम तोड़ दिया। तीन मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई भेजा गया।
बिछवां थाना क्षेत्र के गांव इमायत निवासी 40 वर्षीय अरविंद कुमार को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। वह क्षयरोग से भी पीड़ित थे। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में सोमवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां रात में उनकी मौत हो गई। घिटौली निवासी 60 वर्षीय विट्टन देवी को कई दिन से बुखार आ रहा था। परिजन सोमवार को जिला अस्पताल लाए जहां उनकी मौत हो गई। घिरोर के गांव भैंसामई निवासी महेश चंद्र के 30 वर्षीय पुत्र सतीश को सांस लेने में दिक्कत होने पर मंगलवार को परिजन जिला अस्पताल लाए जहां में उनकी मौत हो गई। भोगांव के गांव मिर्जापुर निवासी 70 वर्षीय सुरजन सिंह को सांस लेने में दिक्कत होने पर सोमवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया यहां उनकी मौत हो गई। शहर के मोहल्ला यदुवंश नगर निवासी पवन कुमार के एक साल के बच्चे को पिछले कुछ दिनों से डायरिया की शिकायत थी। परिजन निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। मंगलवार को हालत बिगड़ी तो परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भोगांव के गांव पूरनपुर निवासी 58 वर्षीय जयवीर सिंह को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। मंगलवार को हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां उनकी मौत हो गई।