बीटा-2, जनता क्वार्टर, ग्रेटर नोएडा निवासी 30 वर्षीय निपुण कपूर बृहस्पतिवार को आगरा आए थे। उनकी बहन आकांक्षा का ससुराल सदर में है। उनकी बहन के ससुर हिमांशु सचदेवा का मामा फ्रेंकी रेस्टोरेंट है। निपुण ने थाईलैंड जाने की बात कही थी। 28 जुलाई को भांजी समायरा का जन्मदिन था। मगर, वो बाहर जाने की वजह से 3 दिन पहले ही जन्मदिन मनाने के लिए आने की बात कह रहे थे। शाम को 4 बजे केक काटा था। इसके बाद घर के बाहर अपनी कार में गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने एक वॉयस मैसेज भी व्हाट्स एप पर शेयर किया था।
शुक्रवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव लाया गया तो कोहराम मच गया। बहन आकांक्षा के आंसू नहीं रुक रहे थे। उन्होंने परिवार से कहा कि वह भाई का अंतिम संस्कार करेगी। इस पर परिजन उन्हें लेकर गए। बहन ने भाई का अंतिम संस्कार किया। एसीपी सदर डा. सुकन्या शर्मा ने बताया कि कार में तमंचा मिला था। इसे जब्त किया गया है। परिजन से निपुण के आत्महत्या का कारण पता करने की कोशिश की गई। मगर, वो यही कह रहे हैं कि उन्हें कुछ भी नहीं पता। उन्होंने किसी तरह की शिकायत भी नहीं की है। अभी बहन भी कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं। कुछ दिन बाद पूछताछ की जाएगी।
भांजी भी कर रही मामा को याद
भांजी समायरा मामा को याद कर रही है। एक दिन पहले जिस मामा ने जन्मदिन मनाया, अब वो कहां गए, इस बारे में सभी से पूछ रही है। परिवार के लोग उसे समझा रहे हैं।