दुकान बंद करने के बाद गायब हुआ दुकानदार
कन्नौज निवासी परिजन ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। राधारमन रोड स्थित दुकान बंद करने के बाद कन्नौज निवासी दुकानदार लापता हो गया। परिजन ने संपर्क न होने के बाद काफी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परेशान परिजन ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ ही जल्द ढूंढे जाने की मांग की है।
जनपद कन्नौज के थाना ठठिया क्षेत्र के गांव कुढि़ना निवासी आकाश सिंह राणा सदर कोतवाली क्षेत्र में राधा रमण रोड पर दुकान किए हुए है। मंगलवार को आकाश शाम करीब आठ बजे दुकान बंद करने के बाद चला गया। इसके बाद से ही उसका कोई पता नहीं है। परिजन से भी उसका कोई संपर्क नहीं हुआ। बुधवार को कोतवाली पहुंचे दुकानदार के भाई मनीष सिंह और मां रूपवती ने तहरीर दी। बताया कि उनके पुत्र का कोई पता नहीं लग पा रहा है। वह दुकान बंद करने के बाद से ही लापता है। सभी संभावित स्थानों पर वह लोग जानकारी के साथ ही तलाश कर चुके हैं। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजन अनहोनी की आशंका से भयभीत हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर जांच व तलाश शुरू कर दी है।