हार्ट अटैक और अस्थमा से पीड़ित दो मरीजों ने तोड़ा दम
- दो अन्य मरीजों को हालत बिगड़ने पर किया गया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। सर्दी का मौसम हार्ट और अस्थमा के मरीजों के लिए लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है। लगातार अस्थमा और हार्ट के मरीजों की मौत हो रही है। बुधवार को अलग-अलग क्षेत्र निवासी एक मरीज की हार्ट अटैक तो दूसरे की अस्थमा की दिक्कत से मौत हो गई।
बुधवार को महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल में 455 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। बेवर थाना क्षेत्र के गांव खजुरिया निवासी कालीचरन की 75 वर्षीय पत्नी रामबेटी को पिछले कुछ दिनों से अस्थमा की दिक्कत थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर बुधवार को जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहर के मोहल्ला भरतवाल निवासी 35 वर्षीय रामेंद्र सिंह को बुधवार की सुबह हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल से बुधवार को अस्थमा के दो मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए भेजा गया। वहीं छह अन्य मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा था। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि दोनों मरीज मृत अवस्था में ही अस्पताल लाए गए थे।