आगरा। नगर निगम ने गृहकर बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाकर लोहामंडी क्षेत्र में एक दुकान और एक गोदाम सील कर दिया। कई बकाएदारों ने दो दिन की मोहलत मांगी। सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय ने बताया कि बार-बार चेतावनी के बाद भी बकाया जमा नहीं कराया गया था। राजनगर लोहामंडी क्षेत्र में किशन पर करीब 1.31 लाख रुपये और जितेंद्र कुमार पर 84 हजार रुपये गृहकर बकाया होने पर उनकी संपत्तियां सील की गईं। कार्रवाई जोनल अधिकारी सीपी सिंह ने की। कर अधीक्षक हेमंत राजपूत, राजस्व निरीक्षक रामवीर सिंह व टास्क फोर्स टीम भी मौजूद रही। टीम ने खातीपाड़ा निवासी नाहर सिंह, रामनाथ शर्मा, विमला देवी और भूप सिंह को दो दिन की मोहलत दी है। इन पर करीब पांच लाख रुपये गृहकर बकाया है। संवाद
महिला सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य की हुई जांच
आगरा। नगर निगम ने महिला सफाईकर्मियों के लिए बुधवार को स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। चारों जोन में लगाए गए शिविरों में करीब डेढ़ सौ महिला सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, नगर निगम अधिकारी व स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। संवाद
भीम नगरी की तैयारियां समय से करें पूरी
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर 15 से 17 अप्रैल तक कोठी मीना बाजार मैदान में 31वां भीमनगरी समारोह आयोजित होना है। बुधवार को अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने आयोजन स्थल और आस-पास निरीक्षण कर तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कोठी मीना बाजार मैदान के साथ ग्यासपुरा, साहनी नगर, भट्टा शाहगंज, पृथ्वीनाथ, तमोली पाड़ा, प्रकाश नगर, रामनगर, नमक की मंडी, गढ़ी भदौरिया, चंदन नगर, नगला गंगाराम और प्रेमनगर आदि क्षेत्रों में सफाई, सड़क मरम्मत, पेचवर्क, प्रकाश व्यवस्था व नालों की सफाई की स्थिति का जायजा लिया। अपर नगर आयुक्त ने कहा कि किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय भीमनगरी कमेटी के अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी, महामंत्री श्याम जरारी, महेंद्र सिंह, संजय सिंह, पार्षद गजेंद्र पिप्पल, एसवी सेहरा, मुन्ना लाल भारती आदि मौजूद रहे। संवाद
जन शिकायतों को समय पर निपटाने के निर्देश
आगरा। नगर निगम में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों और आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने समीक्षा बैठक आयोजित की। उन्होंने शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि बिना मौके पर निरीक्षण किए रिपोर्ट न लगाएं। स्थल पर जाकर वास्तविक स्थिति देखकर ही कार्रवाई करें। बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उपनगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, श्रद्धा पांडेय समेत सभी जोनल अधिकारी मौजूद रहे। संवाद