आगरा में फिल्म की शूटिंग के लिए आए आशुतोष राणा
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के वजीरपुरा में मंगलवार को लाइट, कैमरा और एक्शन की आवाजें गूंजीं। सुबह से शुरू हुआ सिलसिला देर शाम तक चला। फिल्म कौशल जी वर्सेज कौशल जी की शूटिंग देखने के लिए भीड़ लग गई। फिल्म में अभिनेता आशुतोष राणा सहित तमाम दिग्गज कलाकार हैं। वजीरपुरा की ऐतिहासिक मझली हवेली में अगले दस दिन तक शूटिंग चलेगी।
शूटिंग के पहले दिन अभिनेता आशुतोष राणा व अभिनेत्री शीबा चड्ढा पर कुछ सीन फिल्माए गए। पति-पत्नी के बीच की बातचीत। अपने बच्चों से वीडियो कॉल सहित कई दृश्यों का फिल्मांकन हुआ। फिल्म थप्पड़ फेम अभिनेता पाविल गुलाटी और मिर्जापुर के दूसरे सीजन से चर्चा में आईं अभिनेत्री ईशा टंडन भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म की शूटिंग बेहद गोपनीय तरीके से जारी है। पूर्व में जानकारी दी गई थी कि यह वेबसीरीज है लेकिन यहां एक फिल्म की शूटिंग चल रही है।
कोरियोग्राफर से डायरेक्टर बनीं सीमा देसाई इस फिल्म का निर्देशन कर रही हैं। इससे पूर्व उन्होंने टिंडे, खिड़की और पप्पू की पगडंडी जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है। फिल्म में कई अन्य दिग्गज कलाकार भी हैं, जो अगले दो-तीन दिन में ताजनगरी पहुंच जाएंगे।
राणा को देखने के लिए लगी भीड़
फिल्म के सेट पर हल्के बादामी रंग के ऊंचे कुर्ते, सफेद पजामे और लेदर की काली चप्पल पहनकर जैसे ही आशुतोष राणा पहुंचे, उन्हें देखने वालों की भीड़ लग गई। शाम को हुई झमाझम बरसात के चलते कुछ देर के लिए शूटिंग रोक भी दी गई थी।
आगरा: कक्षा एक से पांच के स्कूल खुले, शिक्षकों ने दूध पिलाकर बच्चों का किया स्वागत