मैनपुरी। इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर शोहदा एक छात्रा को वीडियो फोटो पोस्ट करने के साथ ब्लैकमेल कर रहा था। मंगलवार को साइबर सेल की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मोबाइल बरामद हुआ। सीओ ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।
कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली छात्रा की ओर से एसपी अशोक कुमार राय को प्रार्थना पत्र दिया गया था। बताया था कि एक व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर उसकी फर्जी आईडी बना ली है। जिस पर वह वीडियो फोटो पोस्ट कर उसे बदनाम कर रहा है। अराजक तत्व उसे भद्दे मैसेज आदि भेजकर ब्लैकमेल कर रहा है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसपी ने जांच साइबर सेल प्रभारी विक्रम सिंह को सौंपी। टीम के विजय कुमार, सरयू आदि ने फर्जी आईडी बनाकर छात्रा को परेशान करने वाले को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को सीओ सिटी अमर बहादुर ने बताया कि आरोपी छात्रा के मोहल्ले का रहने वाला है। खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।