मथुरा में पिछले एक माह से बरसाना के राधारानी मंदिर के पास कैंटीन चलाने वाले कुंवर चकलेश्वर सिंह को धमकाकर शराब की पेटी और रुपये मांगने का एसएचओ मुकेश मलिक का कथित ऑडियो खूब वायरल हो रहा है। एसएचओ की धमकियों से परेशान कैंटीन संचालक ने सोमवार को एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी ने आश्वस्त करते हुए एसपी देहात को यह जांच सौंप दी है।
बरसाना के राधारानी मंदिर के पास अप्रैल में करीब 24 लाख रुपये साल पर वृंदावन के दुसायत मोहल्ला निवासी चकलेश्वर सिंह ने कैंटीन ली। कैंटीन संचालक का आरोप है कि एक माह से वे थाना बरसाना के एसएचओ के अत्याचार से परेशान हैं। कथित वायरल ऑडियो में एसएचओ कैंटीन संचालक से एक महंगे ब्रांड की शराब की पेटी मांग रहे हैं। इसके अलावा रुपये की मांग भी करते हैं।
ऑडियो में दी जा रही धमकी
ऑडियो में धमकाते हुए कहते हैं कि सिपाही कुलदीप को भेज रहा हूं, जल्दी दिलवा देना। शुरू में कैंटीन संचालक ने एसएचओ की फरमाइश पूरी कर दी तो मांग लगातार बढ़ने लगी। कैंटीन संचालक के मना करने पर एसएचओ ने जान से मारने तक की धमकी दे डाली। कैंटीन का सामान लेकर आने वाली गाड़ियों को भी नहीं जाने दिया। उधर, एसएचओ मुकेश मलिक का कहना है कि सभी आरोप झूठे हैं। एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि ऑडियो और तथ्य को एकत्रित करके जल्द ही जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी जाएगी।