मथुरा सड़क हादसे में घायल हुए श्रीगोपाल की हालत नाजुक बनी हुई है, तीन साल के कृष की हालत भी स्थिर है। चाचा और भतीजे का इलाज करा रहे श्रीगोपाल के बड़े भाई रामबाबू ने रोते हुए बताया था कि पैसे खत्म हो गए, कैसे भाई और भतीजे का इलाज कराएं। इसके बाद भाजपा विधायक ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं।
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में घायल हुए श्रीगोपाल और कृष की मदद को भाजपा के विधायक पंकज सिंह आगे आए हैं। विधायक ने श्रीगोपाल का नोएडा के सेक्टर-20 जिला अस्पताल में पूरा चेकअप कराया। श्रीगोपाल की हालत को देखते हुए लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम के साथ दिल्ली के सफदरजंग में भर्ती कराया। यहां पर श्रीगोपाल के पेट का ऑपरेशन होना है। इसके अलावा विधायक ने कृष के इलाज में भी पूरी मदद का भरोसा दिया है।
विज्ञापन
पैसे हो गए खत्म, कैसे कराएं भाई और भतीजे का इलाज हेडिंग से अमर उजाला में 9 मई को दो नंबर पेज पर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित हुआ। समाचार प्रकाशित होने के बाद मथुरा का जिला प्रशासन तो आगे नहीं आया, पर नोएडा के भाजपा विधायक पंकज सिंह जरूर आगे आए हैं। विधायक ने श्रीगोपाल का पूरा चेकअप कराने के बाद उसकी गंभीरता को समझते हुए दिल्ली के सफदरजंग में भर्ती कराया है। इसके अलावा कृष का नोएडा के सेक्टर- 81 में प्रीमियम क्लीनिक हेल्थ हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
विधायक ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसे में घायल हुए श्रीगोपाल और कृष की हरसंभव मदद की जाएगी। फिलहाल श्रीगोपाल का इलाज दिल्ली के सफदरजंग में चल रहा है तो कृष का इलाज नोएडा के सेक्टर-81 में हॉस्पिटल में चल रहा है। श्रीगोपाल के बड़े भाई रामबाबू ने बताया कि विधायक पंकज सिंह की मदद मिलने से काफी राहत मिली है। उनका भाई और भतीजा सही होकर अपने घर आ जाएं।
दिल्ली से महिला का रामबाबू के पास मदद के लिए आया फोन
सड़क हादसे में मारे गए लल्लूराम के बेटे रामबाबू ने बताया कि दिल्ली से भी एक महिला का फोन आया था। वह उनसे पूछ रही थीं कि श्रीगोपाल और कृष के इलाज में होने वाला खर्चा बता देना, हम सहयोग कर देंगे। इसी प्रकार कई और भी फोन लगातार आ रहे हैं।
विज्ञापन
श्रीगोपाल का सफदरजंग में चल रहा है पेट का ऑपरेशन
दिल्ली के सफदरजंग में जिंदगी और मौत से जूझ रहे यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे में घायल हुए श्रीगोपाल का सोमवार की शाम 4 बजे पेट का ऑपरेशन शुरू हुआ है। घायल के भाई रामबाबू ने बताया कि रात 8 बजे तक ऑपरेशन चला। फिलहाल उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। ऑपरेशन के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। कृष की हालत पहले से बेहतर हो रही है।
अज्ञात वाहन के खिलाफदर्ज हुआ मामला
एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि जिस दिन हादसा हुआ था, अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। आरोपी की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता चल सके किस वाहन में कार घुसी थी।