दक्षिणी दिल्ली में अपनी रिश्तेदार से दुष्कर्म करने का आरोपी राजधानी एक्सप्रेस से पश्चिम बंगाल की ओर भाग रहा था। आगरा मंडल आरपीएफ की सतर्कता के कारण आरोपी को बिहार के किशनगंज से गिरफ्तार कर लिया।
आगरा मंडल के सहायक जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि दिल्ली क्राइम ब्रांच को रविवार की सुबह आठ बजे जानकारी मिली कि दक्षिणी दिल्ली का 18 साल का किशोर रिश्तेदार बालिका से दुष्कर्म का आरोपी है। वह राजधानी एक्सप्रेस के ए-5 कोच में सफर कर रहा है।
पुलिस ने आरपीएफ कमांडेंट पीके पंडा को सूचना दी। इस पर आरपीएफ कंट्रोल रूम के कपिल व अर्चना ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया। उन्हें जानकारी मिली कि ट्रेन कटिहार डिवीजन में है। थोड़ी देर में किशनगंज पहुंचेगी।
आरपीएफ ने किशनगंज के आरपीएफ इंस्पेक्टर को जानकारी दी। ट्रेन के किशनगंज पहुंचने पर आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कमांडेंट ने तत्परता से हुई कार्रवाई के लिए आरपीएफ को सराहा।