फिरोजाबाद के मोहल्ला मोहन नगर में दर्दनाक हादसा हुआ। अचानक खेलते हुए सात साल का मासूम सीवर टैंक में गिर गया, जब तक उसे बाहर निकाला जाता, तब तक उसकी मौत हो गई।
फिरोजाबाद में निर्माणाधीन मकान में खुले सीवर टैंक (सोख्ता) में गिरने से सात वर्ष के बच्चे की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। हादसे से पहले बच्चा टैंक के पास खेल रहा था।
विज्ञापन
दक्षिण थाना क्षेत्र के मोहल्ला मोहन नगर निवासी शनि उर्फ राजू के मकान के पास ही रघुवीर मकान का निर्माण करा रहे हैं। उनके मकान के बाहर सीवर का टैंक खुला हैं। सोमवार दोपहर तीन बजे करीब शनि का पुत्र दीपक (07) मोहल्लों के बच्चों के साथ रघुवीर के मकान के पास खेल रहा था। इसी बीच वह सीवर टैंक में गिर गया। दीपक के टैंक में गिरने की जानकारी होते ही आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। उसे टैंक के बाहर निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर दक्षिण थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष बोले, दीपक बच्चों के साथ रघुवीर के मकान के पास खेल रहा था। तभी वह सीवर टैंक में गिर गया और उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीड़ित तहरीर देते हैं तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों ने दी टैंक में गिरने की सूचना
मोहल्ला मोहन नगर निवासी दीपक के निर्माणाधीन घर के सीवर के टैंक में गिरने की सूचना साथ खेल रहे बच्चों ने उसके परिवार को दी थी। बारिश का पानी भरा होने के कारण निकालने में वक्त लगा। हादसे के बाद तीन भाइयों में एक बिछुड़ गया। वहीं मां बेसुध हो गई। दीपक एक बहन व तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।
विज्ञापन
आसपास के लोगों की मानें तो बच्चों के सूचना देने के बाद दीपक के परिजन मौके पर पहुंचे। सीवर टैंक की गहराई 12 फीट से अधिक होने और इसमें बारिश का पानी भरा होने के कारण दीपक को निकालने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दीपक की मौत के बाद उसकी मां व परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना स्थल पर पहुंची थाना दक्षिण पुलिस ने निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों से घटना की जानकारी ली। निर्माणाधीन मकान के सीवर टैंक में गिरने से बच्चे की मौत का मामला यह कोई नया नहीं है। मकान निर्माण कराने के दौरान थोड़ी सी लापरवाही बच्चों की जान की दुश्मन बन जाती है। एक वर्ष पूर्व रसूलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शांतिनगर में भी एक बच्चे की सीवर के टैंक में गिरने से मौत हो गई थी।