आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार की सुबह तड़के चालक को झपकी आने के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद गश्त कर रहे पीआरवी कर्मियों ने घायलों को बाहर निकालने के बाद एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज सैफई भिजवाया। हादसा मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र में हुआ। कार सवार करहल कस्बा के सुभाष गेट के पास रहने वाले हैं। वे हरिद्वार से वापस घर आ रहे थे।
करहल थाना क्षेत्र में सुभाष गेट के पास रहने वाले अखिलेश वर्मा परिवार के साथ वैगनआर कार से हरिद्वार गए थे। शुक्रवार को वह परिजनों के साथ वापस घर आ रहे थे। शनिवार की सुबह तड़के करीब तीन बजे कार जब थाना क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 82/81 के बीच पहुंची। तभी अचानक चालक को झपकी आ गई।
इसके बाद अनियंत्रित हुई कार सड़क पर पलट गई। तड़के हुए इस हादसे के बाद गश्त कर रहे पीआरवी 0687 के कर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। कमांडर अनूप कुमार, सब कमांडर पंकज और पायलट विक्रम ने घायलों को कार से बाहर निकाला। घायल अखिलेश वर्मा के परिवार की मंजू, गोपाल वर्मा, डॉली वर्मा, प्रिया वर्मा, लक्ष्य व एक बच्ची को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज सैफई भिजवाया।