मैनपुरी। जिले में एक साल बाद कोरोना के एक ही दिन में सात संक्रमित मिले हैं। इनमें तीन महिला और चार पुरुष शामिल हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों से भी अपील की गई है कि वे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें। जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 15 पहुंच गई है।
मई 2021 से जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थम गई थी। जून 2021 में छह जून को अंतिम बार एक ही दिन में कोरोना के आठ संक्रमित मिले थे। इसके बाद से यह संख्या छह से कम ही रही। बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में जिले में सात संक्रमित मिले, जो एक साल का सर्वाधिक आंकड़ा है। जिले के अलग-अलग क्षेत्र निवासी तीन महिला और चार पुरुष कोरोना से ग्रसित मिले हैं। सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने बताया कि शहर निवासी पांच लोगों कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। वहीं सुल्तानगंज निवासी एक महिला और जागीर निवासी एक पुरुष संक्रमित पाया गया है। एक ही दिन में सात नए संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य विभाग हैरान है। नए संक्रमितों को होम आइसोलेट करते हुए क्षेत्रीय चिकित्साधिकारियों को देखरेख के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 15 पहुंच गई है।
नियमित जांच रिपोर्ट दें चिकित्साधीक्षक
होम आइसोलेट संक्रमितों की निगरानी क्षेत्रीय चिकित्साधिकारी रखेंगे। इसके लिए एक टीम जनपद स्तर पर तैनाती की गई है। क्षेत्रीय चिकित्साधीक्षक को भी सीएमओ ने निदेश दिए हैं कि होम आइसोलेट मरीजों को घर पर ही दवा उपलब्ध कराई जाए। उनकी स्वास्थ्य की स्थिति से प्रतिदिन सीएमओ कार्यालय को अवगत कराया जाए।
वर्ष 2022 में मिले संक्रमित
माह संक्रमित
जनवरी 08
फरवरी 07
मार्च 05
अप्रैल 08
मई 05
जून 32
---
बूस्टर डोज लेकर अपना जीवन करें सुरक्षित
सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने कहा कि जिले के लोग बूस्टर डोज में रूचि नहीं ले रहे हैं। 59 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी सीएचसी और जिला अस्पताल में नि:शुल्क बूस्टर डोज की व्यवस्था की है। 59 साल से कम उम्र के लोगों के लिए डॉ. रागिनी हॉस्पिटल में व्यवस्था की गई है। यहां पहुंचकर बूस्टर डोज अवश्य लें।
----
इन बातों का रखें ख्याल
- भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें।
- बाहर निकलें तो मास्क का प्रयोग करें
- बार-बार साबुन से हाथों को धोते रहें
- स्कूल को प्रतिदिन सैनिटाइज कराएं
- बच्चों को सामाजिक दूरी से बैठाएं
- लक्षण दिखने पर जांच अवश्य कराएं
------
प्रदेश के साथ ही जनपद में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ी है। ऐसे में बचाव जरूरी है। जिले में लगभग एक साल बाद सात मरीज मिले हैं। सभी लोग कोरोना गाइड लाइन का पालन करें। लापरवाही भारी पड़ सकती है।
डॉ. पीपी सिंह, सीएमओ