घिरोर। गांव ककरारा में एक शिकायत पर पहुंचे दरोगा और सिपाहियों पर हमले के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद घायल दरोगा की ओर से दोनों पक्ष के 14 लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस शेष आरोपियों की तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव ककरारा में 30 जून की शाम प्रदीप कुमार और विद्याराम पक्ष के बीच जमीन के विवाद की सूचना पर पहुंचे दरोगा सुधीर कुमार कांस्टेबल चालक हेमंत कुमार, सुलेमान खां और रामगोपाल शर्मा के साथ दोनों पक्ष के लोगों ने मारपीट कर दी थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने वहां से भागकर जान बचाई थी। मामले में दरोगा ने एक पक्ष के सेवाराम, रामवीर, प्रदीप, कुल्दीप, मयंक, बबली, शांति देवी दूसरे पक्ष के विद्याराम, राकेश, जनवेद, औसन सिंह, जितेंद्र, उर्मिला, शिवानी सहित 14 लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, जानलेवा हमला, गाली गलौज, जान से मारने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
उक्त मामले में पुलिस तीन आरोपी राकेश उर्फ प्रमोद बघेल, जनवेद बघेल और जितेंद्र बघेल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बुधवार को उक्त मामले में वांछित चल रहे प्रदीप सिंह, रामवीर, औसान सिंह, सेवाराम, विद्याराम, कुलदीप और मयंक को शिकोहाबाद रोड बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।