28एमएनपी-17-बेवर में काली नदी पुल पर मौजूद पुलिस
- फोटो : MAINPURI
बेवर (मैनपुरी)। जनपद फर्रुखाबाद की सीमा पर स्थित गांव रूपपुर तिलियानी के पास मंगलवार की सुबह लोगों ने एक बाइक पर खून से सना कपड़ा रखा देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक क्षेत्र में तलाश की, पता चला कि गांव तिलियानी निवासी एक युवक सोमवार की शाम से लापता है। यह बाइक उसी युवक की है। घटनास्थल को लेकर कुछ देर तक सीमा विवाद चला, इस बीच पहुंची फोरेंसिक की टीम ने जांच के लिए नमूने एकत्र किए। मामले की जांच फर्रुखाबाद पुलिस द्वारा की जा रही है।
थाना क्षेत्र में काली नदी के पास गांव रूपनगर तिलियानी के पास सुबह एक संदिग्ध बाइक खड़ी मिली। उस पर खून से सना हुआ कपड़ा रखा हुआ था। सूचना पर थाना पुलिस व फर्रुखाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। संयुक्त रूप से आसपास क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। घटनास्थल को लेकर दोनों थाना की पुलिस के बीच सीमा विवाद भी हुआ।
लेकिन नापजोख के बाद मामला फर्रुखाबाद सीमा का निकला। जांच में पता चला कि बाइक स्वामी नंदकिशोर उर्फ नंदू निवासी रूपनगर तिलियानी हाल निवासी जीटी रोड बाईपास बेवर सोमवार की शाम से लापता है। उसके चचेरे भाई नरपाल ने बताया कि नंदू बेवर में जाह्नवी क्रेन सर्विस के नाम से फर्म चलाता है, सोमवार से उसका कोई पता नहीं है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक की टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए। इस दौरान फर्रुखाबाद से भी टीम आ गई। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक मेरापुर जगदीश शर्मा, प्रशिक्षु सीओ अरुण कुमार ने जांच शुरू कर दी।