आगरा। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा को भारतीय जूनियर टीम के चयनकर्ता हरविंदर सिंह सोढ़ी ने पहचाना था। खास बातचीत में आगरा निवासी सोढ़ी ने बताया कि वैभव सूर्यवंशी के बारे में मुझे सबसे पहले मैच रेफरी शक्ति सिंह ने जानकारी दी थी। इसके बाद मैंने उसके खेल पर नजर रखी। चयन समिति के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसके प्रदर्शन को ट्रैक किया और फिर उसे मौका दिया।
सोढ़ी के मुताबिक, मौका मिलने के बाद वैभव ने जिस तरह खुद को साबित किया, वह जूनियर स्तर पर दुर्लभ है। अंडर-19 विश्वकप के फाइनल में वैभव की पारी को उन्होंने अद्भुत बताया। सोढ़ी ने भरोसा जताया कि वैभव आने वाले समय में भारतीय सीनियर टीम का बड़ा सितारा बनेगा। सोढ़ी ने कहा कि प्रतिभा की खोज एक निरंतर प्रक्रिया है। मैच रेफरी, कोच और चयनकर्ता के बीच संवाद के कारण ही देश को नए-नए खिलाड़ी मिल पा रहे हैं।