श्रीराम जन्मभूमि और श्रीकृष्ण जन्मभूमि की तरह ही अब वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी मंदिर की भी सुरक्षा की जाएगी। इसके लिए मजबूत सुरक्षा घेरा तैयार होगा। सीआरपीएफ और पीएसी के साथ ही कमांडो भी तैनात किए जाएंगे।
पर्यटन थाना खोलने की कवायद भी शुरू की जा रही है। इसके लिए शासन स्तर से पांच करोड़ का बजट स्वीकृत कर लिया गया है।यूं तो भगवान श्रीकृष्ण की सभी क्रीड़ा और लीला स्थलियों पर भक्तों का आना लगा रहता है।
लेकिन वृंदावन के श्रीबांकेबिहारी मंदिर के प्रति लोगों में सबसे ज्यादा आस्था है। देश भर से भक्त यहां पहुंचते हैं। साल भर में करीब पचास लाख से भी ज्यादा श्रद्धालु भगवान के दर्शन करने के लिए वृंदावन पहुंचते हैं।
लगातार जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने का फैसला किया गया है। इस मंदिर का सुरक्षा चक्र यलो जोन, ग्रीन जोन और रेड जोन के तहत तैयार किया जाएगा।
अभी तक इस मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था सामान्य ही है लेकिन अब इसकी सुरक्षा श्रीराम जन्मभूमि और श्रीकृष्ण जन्मभूमि की तर्ज पर ही की जाएगी। इसके लिए सर्वे शुरू करा दिया गया है।
किस गेट पर पुलिस रहेगी और कहां चेकिंग की जाएगी इन सभी बिंदुओं को तय किया जाएगा। सीआरपीएफ को भी लगाया जाएगा।महिला पुलिस की भी तैनाती की जाएगी।
आसपास तलाशी जा रही जमीन
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि श्री कृष्ण जन्मभूमि की सुरक्षा जिस तरह है वही खाका वृंदावन के लिए तैयार होगा। मंदिर के आसपास चेकिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। ताकि हर आने जाने वाले पर निगाह रह सके।
वृंदावन में पर्यटन थाने को मंजूरी मिल चुकी है। लेकिन थाने के लिए जमीन अभी तक उपलब्ध नहीं हो सकी है। पागल बाबा मंदिर के आसपास जमीन की तलाश की जा रही है।
जिस जमीन पर थाना बनना है उसका रिकार्ड शासन ने मांगा है। डीएम ने तहसील प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि तत्काल भूमि का रिकार्ड उपलब्ध कराया जाए ताकि शासन को भेजा जा सके।