आगरा। सैंया की ग्राम पंचायत बसई कलां में तैनाती के दौरान महिला प्रधान को गुमराह कर 10 लाख रुपये का फर्जी भुगतान करने वाले ग्राम विकास अधिकारी पर कार्रवाई हुई है। उसे दोषी पाते हुए जिला विकास अधिकारी ने शनिवार को निलंबित कर दिया। सचिव की तैनाती वर्तमान में ब्लॉक जैतपुर कला की ग्राम पंचायत पहाड़पुर में थी।
बसई कलां की ग्राम प्रधान राधा ने सचिव अनिल कुमार की शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाए कि सचिव ने उन्हें गुमराह किया। उनसे बार-बार ओटीपी यह कहकर लिया कि एक्सपायर हो गया है और डोंगल से अपनी चहेती फर्मों को 10 लाख से अधिक के भुगतान कर दिए।
उसके कुछ दिन बाद पता चला। वह कार्य मौके पर नहीं किए गए थे।
इसकी शिकायत मुख्य विकास से की गई। इस पर टीम गठित कर जांच की गई। जांच में सामने आया कि सचिव जिन फर्मों को भुगतान किया था, पंचायत में पहले कभी उन्होंने कार्य किया ही नहीं है। जिला विकास अधिकारी भावना यादव ने बताया कि पंचायत सचिव ने बिना कार्य करवाए करीब 10 लाख रुपये का पंचायतनिधि से भुगतान किया था। उसे वित्तीय अनियमितता के लिए निलंबित किया है।