मैनपुरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ में रुद्राभिषेक कार्यक्रम का पांच नवंबर को जिले के प्रसिद्ध मंदिरों में ऑनलाइन प्रसारण दिखाया जाएगा। बुधवार को उपजिलाधिकारी ने शहर के प्रसिद्ध भीमसेन मंदिर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उपजिलाधिकारी (सदर) वीरेंद्र सिंह मित्तल और तहसीलदार (सदर) राजकुमार भारतीय भीमसेन मंदिर पहुंचे। यहां कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की। एसडीएम ने बताया कि सीधे प्रसारण के लिए मंदिर प्रांगण में बड़े साइज की एलईडी लगाई जाएगी। जिस पर रुद्राभिषेक देखा जा सकेगा। ब्लॉक प्रमुख रितु भदौरिया कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी और साधु संतों को सम्मानित किया जाएगा। मंदिर प्रबंधक वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि इस दौरान भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया जाएगा। इस दौरान पुजारी साहेबलाल तिवारी, पुजारी जगन्नाथ मिश्रा, दीपांशु वाजपेयी, कानूनगो महेश तोमर, रमेश बाबू आदि मौजूद रहे।
-------
इन मंदिरों पर होंगे आयोजन
-श्री भीमसेन महाराज मंदिर मैनपुरी
-श्री चांदेश्वर धाम मैनपुरी
-मंदिर सोमेश्वर नाथ भोगांव
-जखदर महादेव मंदिर भांवत
-मार्कंडेय मंदिर विधूना कोसमा