मैनपुरी। कोरोना की तीसरी लहर के कारण पिछले दो माह से बंद चल रहे कॉलेज सोमवार से खुल गए। कॉलेज खुलने पर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिले नजर आए। कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया गया।
सोमवार को नौ बजे से कॉलेजों में रौनक दिखाई दी। कॉलेजों के मुख्य गेट पर छात्र-छात्राओं के हाथ सैनिटाइज कराए गए। कोविड-19 से बचाव के लिए कक्षा कक्षों को भी सैनिटाइज कराया गया था। कॉलेज पहुंचे छात्र-छात्राओं के चेहरों पर प्रसन्नता देखी गई। कक्षाओं में शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन कराया। कॉलेजों में पठन-पाठन शुरू होने से छात्र-छात्राओं के साथ ही अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली है।
पहले दिन रही छात्र संख्या कम
सोमवार को विद्यालय तो लेकिन छात्र संख्या कम रही। कक्षा नौ से 12 तक लगभग 20 से 30 प्रतिशत ही छात्र-छात्राएं कॉलेजों में पहुंचे। मंगलवार से छात्र संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
कक्षा संचालन कर कोर्स कराएं पूरा
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे बोर्ड परीक्षार्थियों की कक्षाएं नियमित संचालित कर उनका कोर्स पूरा कराएं। हर हाल में फरवरी के अंत तक बोर्ड परीक्षार्थियों का कोर्स पूरा कर लिया जाए।
सभी प्रधानाचार्य कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करें। प्रतिदिन स्कूल छूटने के बाद कक्षा कक्ष को सैनिटाइज कराया जाए। कक्षाओं में छात्र-छात्राओं के मध्य सामाजिक दूरी का पालन कराया जाए।
मनोज कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक