मैनपुरी। बेवर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर जीटी रोड पर गांव करपिया के सामने ट्रक ने स्कूल वाहन को चपेट में ले लिया। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि किसी बच्चे को चोट नहीं आई। घटना के समय वैन में 10 बच्चे सवार थे। शुक्रवार को केस दर्ज कराया गया है।
कस्बा निवासी पवन तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर कपिल मुनि चिल्ड्रंस एकेडमी का स्कूल वाहन छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने अरम सराय जा रहा था। जीटी रोड पर बंत होटल के सामने गैराज से अचानक एक ट्रक बाहर निकला, चालक ने ब्रेक लगाए। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर ने स्कूल वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूल वाहन गैराज से निकले ट्रक से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
स्कूल वाहन में बैठे बच्चे चीखने लगे। हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ एकत्रित हो गई। स्कूल वाहन से सभी बच्चों को बाहर निकाला गया। बच्चे सुरक्षित थे। टक्कर मारने वाला ट्रक मौके से भाग गया। स्कूल प्रबंधन के सदस्य पवन की तहरीर पर शुक्रवार को पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रक को भगाने का लगाया आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि करपिया के रहने वाले ओमवीर उर्फ बल्लू ने विधायक का स्टीकर लगे वाहन में सवार लोगों के साथ मिल कर टक्कर मारने वाले ट्रक को मौके से भगा दिया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर कार्रवाई करेगी।