पटियाली। शुक्रवार की देररात यूपी 112 पर एक महिला ने कॉल कर शिकायत की, कहा कि, साहब मुझे बचा लो, मेरा पति मुझे गोली मार देगा। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पति को तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया।
ग्राम किशोरी नगला निवासी तारावती पत्नी ज्ञान सिंह की आपस में कहासुनी हो गई। पति ने पत्नी की मारपीट की और वह तमंचा निकाल लाया। तमंचा देख पत्नी घबरा गई, उसे लगा कि पति उसे गोली मार देगा। उसने घबराहट में मोबाइल से यूपी 112 पर पुलिस को कॉल कर दी। शीघ्र पुलिस उसके गांव पहुंच गई। पुलिस घर से पति ज्ञान सिंह को तमंचा व कारतूस सहित गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी गंगा प्रसाद ने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जेल भेजा गया है।