सोरोंजी। बकाया एरियर, पीएफ, ईपीएफ के भुगतान की मांग को लेकर सफाई कर्मचारी आगामी 7 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। सफाई मजदूर संघ ने इस संबंध में मांगों का ज्ञापन ईओ नगर पालिका को सौंपा।
सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह व महामंत्री आरडी अमल ने कहा कि स्थाई, संविदा व ठेका कर्मचारियों का पालिका प्रशासन पर बीते पांच वर्षों का एरियर, पीएफ, ईपीएफ का पैसा बकाया है। इसका भुगतान नहीं किया जा रहा है।
बीते 21 मार्च को अधिशाषी अधिकारी व सफाई मजदूर संघ के बीच समझौता हुआ था कि शासन से धनराशि मिलने पर कर्मचारियों के बकाया के 50 प्रतिशत का भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन तीन माह बाद भी कर्मचारियों को कोई भुगतान नहीं किया गया। इससे कर्मचारियों के धैर्य का बांध टूटता जा रहा है।
ज्ञापन में पालिका प्रशासन से 6 जुलाई तक समस्त बकाया भुगतान करने की मांग की गई है। अन्यथा की स्थिति में सफाई कर्मचारी सात जुलाई से अनिश्चितकालीन के लिए काम बंद कर शांतिपूर्ण आंदोलन करने को विवश होंगे। इस दौरान राजू पहलवान, अतुल, दीनदयाल, अंबरीश, विपिन कुमार, दिनेश, संजय, शंकर लाल, कमल, सतीश, रूपकिशोर, महेंद्रपाल, इंदल आदि सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।