कासगंज। सहावर-सिकंदरपुर वैश्य मार्ग पर पिथनपुर भट्टे के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार सफाईकर्मी की मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। महेंद्र पाल सिंह (50) पुत्र मेघनाथ निवासी बछुईया सिकंदरपुर वैश्य सहावर विकास खंड के गांव जौहरी में सफाईकर्मी के पद पर तैनात था। सोमवार की शाम वह ड्यूटी के बाद अपने गांव साइकिल से जा रहा था। जब वह पिथनपुर के समीप पहुंचा अज्ञात वाहन ने सइकिल में टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। परिजनों को जानकारी हुई तो चित्कार मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक सफाईकर्मी के भाई श्यामवीर सिंह ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पंचायती राज ग्रामीण सफाईकर्मी संघ ने दी श्रद्धांजलि
सफाईकर्मी महेंद्र पाल सिंह की सड़क हादसे में मौत पर पंचायतीराज ग्रामीण सफाईकर्मी संघ के पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी। शोकसभा में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, जिला महामंत्री किशोर यादव, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष श्याम बाबू, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरी सिंह शाक्य, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, राकेश कुमार, जिला प्रचार मंत्री सूबेदार सिंह, जिला सचिव कमलेश कुमार, जिला मंत्री शैलेंद्र कुमार मौजूद रहे।