किशनी। परिषदीय स्कूलों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत अधिकारियों से निरीक्षण कराया जा रहा है। सात दिसंबर को विकासखंड किशनी में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के और आठ दिसंबर को जिला विद्यालय निरीक्षक के निरीक्षण में छह विद्यालय बंद मिले थे। जांच अधिकारियों की रिपोर्ट मिलने के बाद बीएसए ने शुक्रवार को पांचों विद्यालयों के स्टाफ का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
एआरपी शरद यादव और पंकज राजपूत ने सात दिसंबर को किए गए निरीक्षण की रिपोर्ट बीएसए को भेजी थी। इसमें कंपोजिट विद्यालय दिवनपुर साहिनी, प्राथमिक विद्यालय गपकापुर, प्राथमिक विद्यालय सींगपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय कुरसंडा बंद मिला था।
जबकि जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने आठ दिसंबर को रिपोर्ट भेजकर बीएसए को बताया था कि प्राथमिक विद्यालय जिजई और कंपोजिट विद्यालय महोलीखेड़ा बंद मिले थे। शुक्रवार को बीएसए ने सभी छह विद्यालयों के प्रधानाध्यापक सहित स्टाफ का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। बीएसए ने कार्रवाई की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भी भेजी है।