कासगंज के बिलराम गेट क्षेत्र में पुलिया निर्माण के लिए डाली जा रही बालू
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। बिलराम गेट चौराहे पर पिछले तीन दिनों से पुलिया के निर्माण की कवायद चल रही है। पुलिया का निर्माण पूरा करने में बार-बार व्यवधान आ रहे हैं। शुक्रवार को पानी की निकासी में व्यवधान आने के कारण निर्माण में बाधा आती रही लेकिन बाधाओं का समाधान करके पुलिया का निर्माण जारी रखा गया। आज शनिवार को यह निर्माण पूरा होने का दावा लोक निर्माण विभाग कर रहा है। यदि पुलिया का निर्माण हो गया तो बड़ी राहत लोगों को मिल सकेगी।
बिलराम गेट चौराहे पर पुरानी पुलिया में मिट्टी भर जाने के कारण नाले के पानी की निकासी रुक गई जिससे कई बस्तियों में जलभराव बन गया था लेकिन नई पुलिया के लिए की गई खोदाई के लिए बने रास्ते से पानी की निकासी कर दी गई। इसी बीच पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई तो पुलिया के निर्माण में बाधा बन गई। शुक्रवार को भी पुलिया के निर्माण में जलभराव होने से दिक्कत हुईं। वहीं नगरपालिका की टीम ने पानी की निकासी की तो समस्या का समाधान हुआ और निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकी।
पुलिया निर्माण के लिए पाइप डाले जा चुके हैं। साइड वॉल का निर्माण किया जा रहा है। यह निर्माण कोई बड़ा व्यवधान न होने पर आज शनिवार को पूरा होने की उम्मीद की जा रही है। पुलिया का निर्माण होते ही इस मार्ग पर बंद किया ट्रैफिक चालू कर दिया जाएगा। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिया का निर्माण शीघ्र पूरा होने की मांग उठाई है। इलाकाई वाशिंदे चाहत मियां, डॉ. फारुक, नजमुल, जुबेर अहमद सहित अन्य लोगों ने शीघ्र पुलिया के निर्माण की मांग की है। लोगों का कहना है कि पुलिया के निर्माण में लगातार विलंब हो रहा है।