कासगंज। कोरोना संक्रमण की जंग में जुटा स्वास्थ्य महकमा नित नई तैयारियों को अंजाम दे रहा है। अब तक नोएडा, लखनऊ और अलीगढ़ में हो रही आरटीपीसीआर जांच कासगंज में हो सकेगी। इसके लिए लैब तैयार कर ली गई है। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल लैब का उद्घाटन करेंगे। शनिवार को 10 नमूने जांच के लिए लेकर लैब का ट्रायल किया गया। सुबह लिए नमूनों की रिपोर्ट शाम तक आ गई जो निगेटिव रही।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एसपी सिंह ने बताया कि जिले में आरटीपीसीआर लैब बिड़ला अस्पताल में तैयार की गई है। अब तक कोरोना संक्रमण जांच के लिए जो नमूने आरटीपीसीआर लैब नोएडा, अलीगढ़, लखनऊ भेजे जाते थे। इनकी रिपोर्ट 3-4 दिन में आ पाती थी, लेकिन अब यह जांच जिले में ही हो सकेगी। ट्रायल में दस नमूने जांच के लिए लगाए गए, सभी रिपोर्ट निगेटिव है। सीएम योगी आदित्यनाथ लैब का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से करेंगे।