कासगंज। होली पर्व पर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज ने तैयारियां की हैँ। पर्व पर बसों का संचालन अधिक से अधिक हो, इसके लिए निगम ने कार्मिकों के लिए प्रोत्साहन योजना शुरु की गई है। प्रोत्साहन योजना 3 मार्च से शुरु होकर 12 मार्च तक रहेगी। इस योजना में बस चालक, परिचालक और कार्यशाला कार्मिक शामिल रहेंगे।
प्रोत्साहन योजना में जो चालक व परिचालक प्रतिदिन 300 किलोमीटर बस का संचालन 10 दिनों तक करेंगे, उन्हें 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 4000 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यदि 9 दिन तक लगातार बसों का संचालन करेंगे, उन्हें 350 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 3150 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं संविदा चालकों व परिचालकों को प्रोत्साहन अवधि में निर्धारित मानक से अधिक किलोमीटर बस संचालन पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा।
कार्यशाला नियमित कार्मिकों को 10 दिन लगातार कार्य करने पर 1200 रुपये एवं 9 दिन लगातार कार्य करने पर 1000 रुपये दिए जाएंगे। कार्यशाला के संविदा कार्मिकों को 10 दिन ड्यूटी करने पर 600 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
अवकाश भी रहेंगे निरस्त
होली पर्व 7 व 8 मार्च को बनाए जाना है। जिसके चलते यात्रियों की संख्या भी अधिक रहेगी। होली पर्व पर यात्रियों को दिक्कतें न हो इसलिए सभी कार्मिकों के अवकाश निरस्त किए हैं। जिससे सभी बसों का संचालन पर्व हो सके।
दस दिनों के लिए प्रोत्साहन योजना निगम ने लागू की है। जिसमें निर्धारित किलोमीटर बस का संचालन करने पर कर्मियों को प्रोत्साहन योजना का लाभ दिया जाएगा। यह योजना चालक, परिचालक एवं कार्यशाला कार्मिक सभी के लिए है। - संजीव कुमार, एआरएम कासगंज।