उत्तर प्रदेश के मथुरा में अजब मामला सामने आया है। यहां ट्रेन में यात्री के जूते तलाशने के लिए आरपीएफ को पसीना बहाना पड़ा। दरअसल, कंट्रोल रूम पर मिली थी कि एक यात्री के जूते पंजाब मेल में छूट गए हैं। इस पर आरपीएफ के जवान जूते तलाशने के लिए दौड़ पड़े। सुबह 7:58 बजे जब ट्रेन मथुरा जंक्शन पहुंची तो जूते सीट के नीचे रखे मिले। जूतों को यात्री के सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक करन सिंह नाम का यात्री पंजाब के फिरोजपुर से दिल्ली जाने के लिए पंजाब मेल में सवार हुआ था। उसका ट्रेन के कोच बी-5 की सीट संख्या 20 पर रिजर्वेशन था। दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन करन सिंह ट्रेन से उतर गया। ट्रेन से उतरने के बाद जब वह स्टेशन से बाहर निकला तो उसे अपने जूतों की याद आई। वह दौड़कर दोबारा प्लेटफार्म पर पहुंचा, तब तक ट्रेन वहां से रवाना हो चुकी थी।
यात्री ने कंट्रोल रूम पर दी थी सूचना
यात्री ने ट्रेन में अपने जूते छूटने की सूचना कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूप से मथुरा आरपीएफ को सूचना मिली कि फिरोजपुर से चलकर मुंबई जाने वाली पंजाब मेल के कोच संख्या बी5 की सीट संख्या 20 के नीचे करन सिंह नामक यात्री के जूते गलती से छूट गए हैं। इसके बाद आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक सीबी प्रसाद ने ट्रेन के कोच से यात्री करन सिंह के जूते तलाश करने के निर्देश दिए।