आगरा। दयालबाग की राइजिंग स्टार क्रिकेट अकादमी में आयोजित राइजिंग स्टार क्रिकेट लीग का रविवार को समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में राइजिंग स्टार रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राइजिंग स्टार किंग्स को सात विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कमेंटेटर नरेंद्र शर्मा और भाजपा पार्षद प्रेमदास चौधरी रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर राइजिंग स्टार रॉयल्स ने पहले गेंदबाजी की। गुरुप्रीतम ने चार विकेट झटके, इससे राइजिंग स्टार किंग्स की पूरी टीम मात्र 59 रन पर सिमट गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल्स टीम ने हर्ष और अर्पित की 18-18 रनों की उपयोगी पारियों की बदौलत आसानी से सात विकेट से मैच जीत लिया। टूर्नामेंट में चार टीमों ने भाग लिया। हर्ष सिंह की कप्तानी में राइजिंग स्टार रॉयल्स विजेता बनी जबकि युवराज सिंह की कप्तानी वाली राइजिंग स्टार किंग्स उपविजेता रही।
गुरुप्रीतम को प्लेयर ऑफ द मैच, दो विकेट लेने वाले आरव को डिफेंडर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। अंश को बेस्ट बल्लेबाज, गुरुप्रीतम को बेस्ट गेंदबाज, अर्पित यादव को बेस्ट फील्डर, हर्ष सिंह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट व वियान जैन को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। इस दौरान कोच अनिरुद्ध शर्मा, विश्वास विजय, आयुष मिश्रा, अभय शर्मा आदि मौजूद रहे।