मैनपुरी। जिला वॉलीबाल संघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय कौशलेंद्र भदौरिया स्मृति जिला वॉलीबाल चैंपियनशिप में रॉयल क्लब ने विजेता ट्राफी पर कब्जा किया। समापन और पुरस्कार वितरण पूर्व विधायक अशोक चौहान ने किया। शैलेंद्र भदौरिया ने विजेता और उपविजेता टीम को नगद पुरस्कार प्रदान किए।
बृहस्पतिवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में रॉयल क्लब ने नेहरू स्टेडियम को 25-16, 24-26, 25-9, 25-13 के अंतर से पराजित कर विजेता ट्राफी पर कब्जा किया। इससे पूर्व नेहरू स्टेडियम ने सतानंद इंटर कॉलेज रठेरा को 25-18, 25-16 से और एकमन क्लब ने गोलाबाजार को 25-15, 25-23 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहले सेमीफाइनल में रॉयल क्लब ने 23-25, 25-22, 25-16 से और दूसरे सेमीफाइनल में नेहरू स्टेडियम ने एकमन क्लब को 25-20, 25-22 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। रेफरी इफ्तखार अहमद व धीरेंद्र सिंह थे।
स्कोरिंग शरद गुप्ता ने की। पूर्व विधायक अशोक चौहान ने स्व, कौशलेंद्र भदौरिया के चित्र पर माल्यार्पण किया। विजेता व उपविजेता टीम को ट्राफी और खिलाडिय़ों को पुरस्कार प्रदान किए। पूर्व विधायक ने कहा कि जिले की टीम में चयनित खिलाड़ी मऊ में होने वाली स्टेट चैंपियनशिप में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर प्रदेश की टीम में स्थान सुरक्षित करें। उन्होंने स्व. भदौरिया को याद करते हुए कहा कि वह सदैव खेल और खिलाडिय़ों के उत्थान के लिए कार्य करते रहे।
स्वर्गीय भदौरिया के भाई शैलेंद्र भदौरिया ने विजेता टीम को 5100 और उपविजेता टीम को 3100 नकद पुरस्कार प्रदान किया। संघ के अध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि 10 दिसंबर को जिला वॉलीबाल टीम के लिए चयनित खिलाडिय़ों की घोषणा कर दी जाएगी। इस मौके पर सचिव राघवेंद्र दुबे, उप क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार, घनश्यामदास गुप्ता, अतुल प्रताप भदौरिया, अनुज भदौरिया, अमित कुशवाह, अनूप चौहान आदि मौजूद रहे।