इलाहबांस। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव इलाहबांस में मंगलवार की दोपहर एक मकान का छज्जा भर-भराकर गिर गया। इसके मलबा में दो लोग दब गए। ाननफानन उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। लेकिन बदन सिंह (50) ने रास्ते में ही दम तोड दिया। दूसरे शंकर यादव (40) की हालत गंभीर बनी हुई है।
दिल्ली के रहने वाले बदन सिंह राठौर थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव इलाहबांस निवासी सुरेंद्र राठौर के घर अपनी ससुराल आए थे। वहीं, बेवर के गांव घुटारा निवासी शंकर यादव भी गांव में किसी काम से आए थे। दोपहर करीब दो बजे दोनों गांव निवासी राशिद अली के घर के बाहर बैठ कर बातें कर रहे थे। तभी अचानक मकान का छज्जा शौचालय सहित दोनों के ऊपर भर भराकर गिर गया। दोनों छज्जा के मलबा के नीचे दब गए। चीखपुकार सुनकर वहां एकत्र हुए लोगों ने बदन सिंह व शंकर को बाहर निकाला, दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में बदन सिंह ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, हादसे में घायल शंकर की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को मोर्चरी भिजवाया है।