बाह। झमाझम बारिश से बुधवार को बाह क्षेत्र में सड़कें और गलियाें में जलभराव होने से लोगों को आने जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, जैतपुर में सीएचसी मार्ग पर बारिश के दौरान घुटनों तक पानी भरने से मरीज और तीमारदारों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
बुधवार को सुबह से झमाझम बारिश हुई। पहाड़पुुरा की गलियां जलमग्न हो गई है। घरों की देहरी तक पानी पहुंच गया। भाऊपुरा की गलियों में तालाब का पानी बह रहा है। बासौनी और पुरा कन्हैरा, पटकुंईयनपुरा, गोपीपुरा की सड़कें जलमग्न हो गईं। गोपीपुरा के रामहरी, होरीलाल, कालीचरन, सीताराम, नवल सिंह, उदय सिंह, रामगोपाल, प्रभुदयाल आदि ने एसडीएम से जल निकासी की मांग की।
बारिश में गिरा मकान, गाय दबी
आवास योजना से वंचित बाह के जरार में संजीव जोशी का कच्चा मकान बारिश के दौरान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय संजीव और उनकी पत्नी गुड्डी खेत पर गए थे। उनके बच्चे पूनम, रुबी, हिमानी, कान्हा, साबिदी बाल-बाल बचे। वहीं मलबे में उनकी गाय दब गई। पड़ोसियों ने गाय को सुरक्षित निकाल लिया। वहीं मलबे में घर का सारा सामान नष्ट हो गया। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया।
नदी का जलस्तर हुआ कम
राजस्थान और मध्यप्रदेश की बारिश के चलते दो दिन में छह मीटर चढ़कर 114 से 120 मीटर तक पहुंची चंबल नदी का जलस्तर बुधवार को ढाई मीटर घटकर 117 मीटर आ गया। इससे बीहड़ में चरवाहों ने पशु चराना बंद कर दिए थे। बुधवार को जलस्तर घटने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वहीं बीहड़ के खादर और कच्चे रास्तों पर दलदल होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।