नगर निगम की ओर से मानसून में खुदाई की अनुमति रद्द किए जाने के बावजूद शहर में टेलीकॉम कंपनियां और अन्य एजेंसियां सड़कें खोद रही हैं। कमला नगर और न्यू आगरा में कई जगह गहरे गड्ढे खोदे गए हैं, जो बारिश और जलभराव के दौरान हादसों की वजह बन सकते हैं।
मानसून में नगर निगम ने सभी कंपनियों और एजेंसियों को दी गईं खुदाई की अनुमतियां रद्द कर दी हैं। इसके बाद भी शहर की सड़कों की खुदाई जारी है। टेलीकॉम कंपनियां लगातार सड़कें खोदकर केबल डाल रही हैं, वहीं गैस और सीवर लाइन आदि के लिए सड़कों की खुदाई कर बिना गड्ढे भरे ही छोड़ दिए जा रहे हैं।
मानसून में जलभराव की स्थिति में यही गड्ढे जानलेवा साबित हो सकते हैं। न्यू आगरा में नगला पदी मोड़ के सामने और पुराने थाने के सामने वाली जगह पर टेलीकॉम कंपनी की फाइबर ऑप्टिकल बिछाने के लिए खुदाई की जा रही है। कंपनी ने इस रोड पर कई जगह गड्ढे खोदकर छोड़ दिए हैं। यही हाल कमला नगर का है, जहां टेलीकॉम कंपनी ने 80 जगहों पर सड़कें खोदकर गड्ढे कर दिए हैं। नगर निगम ने 17 कंपनियों और एजेंसियों को दी गई खुदाई की अनुमतियां निरस्त कर दीं थीं।
काम रुकवाया तो भाग गए मजदूर, उपकरण जब्त
बुधवार को कमला नगर में बिना अनुमति के केबल डालने के लिए सड़क की खुदाई कर रहे लोगों को नगर निगम ने रोका। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम कमला नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था देखने पहुंचे थे, तभी उनकी नजर कर्मयोगी एन्क्लेव के पास सड़क पर गड्ढा खोदकर केबल लाइन डालते मजदूरों पर पड़ी। उन्होंने अनुमति दिखाने को कहा, पर वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए। इस पर नगर निगम की टीम ने खुदाई में उपयोग किए जा रहे तबले, फावड़े सहित अन्य उपकरण जब्त कर लिए। यहां मजदूर अपना सामान छोड़कर भाग निकले। सहायक नगर आयुक्त ने चेतावनी दी कि बिना अनुमति के सड़क पर खुदाई प्रतिबंधित है। ऐसा करने पर सामान जब्त करने के साथ जुर्माना वसूला जाएगा।