खैराती टोला पंपिंग स्टेशन पर सीवर लाइन के काम के चलते जलनिगम ने शटडाउन लिया था, लेकिन कैप तकनीक के इस्तेमाल से अधिकांश क्षेत्रों में जलापूर्ति बहाल कर दी गई है। जलकल विभाग का दावा है कि बृहस्पतिवार को खैराती टोला को छोड़कर बाकी इलाकों में पानी की सप्लाई सामान्य रहेगी।
आगरा में नमामि गंगे के तहत खैराती टोला पंपिंग स्टेशन पर सीवर की लाइन से क्रॉस कर रही पानी की लाइन हटाने के काम के कारण जलनिगम ने दो दिन का शटडाउन लिया था, लेकिन कैप का उपयोग करने के कारण बृहस्पतिवार को खैराती टोला छोड़कर अन्य जगहों पर जलापूर्ति सामान्य रहने का दावा किया गया है। बुधवार रात ही लाइन को चालू किया गया, लेकिन ताजगंज, खैराती टोला लाइन की जगह अन्य जगहों पर आपूर्ति की गई।
जलकल महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि दो दिन का शटडाउन जलनिगम ने लिया था लेकिन सीवर लाइन क्रॉस करने के काम में पानी की लाइन में कैप का उपयोग किया गया। अब जब वह लाइन जोड़ेंगे, तब पानी की आपूर्ति बंद की जाएगी।
हालांकि पानी की लाइन को काटने पर गड्ढे में पानी भर गया। दरअसल, पाइपलाइन में इतना पानी रहता है कि गहरे गड्ढे को पूरा भर दे। डी-वाटरिंग के बाद दोपहर में काम शुरू किया गया। पानी भरने से कर्मचारी गहरे गड्ढे में काम नहीं कर पाए। जलकल महाप्रबंधक के मुताबिक बृहस्पतिवार को जलापूर्ति सामान्य रहेगी।