अलबतिया रोड पर तोड़ दी पानी की लाइन
जलनिगम द्वारा बालाजीपुरम् में पानी की लाइन के इंटरकनेक्शन के काम के दौरान पानी की लाइन टूट गई, जिससे हजारों लीटर गंगाजल बर्बाद हो गया वहीं, अलबतिया रोड पर पूरे दिन ट्रैफिक बाधित रहा। अलबतिया रोड पर बालाजीपुरम कालोनी की पुलिया पर ही यह मरम्मत कार्य चलता रहा, जिससे निकाली गई मिट्टी इस तरह से रखी गई कि सड़क पर आवागमन बंद हो गया। यहां अवधपुरी, अलबतिया रोड की 40 से ज्यादा कालोनियों के लोग निकलते हैं, जिन्हें मारुति एस्टेट से घूमकर निकलना पड़ा। जेसीबी से यहां खुदाई की गई तो पूरी कीचड़ सड़क पर ही एकत्र कर दी गई। पैदल निकलने वालों को यहां जगह नहीं मिली।
खेरिया मोड़ पर इंटरकनेक्शन से नहीं मिला पानी
मकर संक्रांति पर पानी के लिए खेरिया मोड़, ईदगाह, अर्जुन नगर, अजीत नगर क्षेत्र के 40 हजार से ज्यादा लोग परेशान रहे। जलकल विभाग द्वारा पानी के लिए बिछाई जारही लाइन के इंटरकनेक्शन के काम के कारण यहां देर रात तक पानी नहीं मिला, जिस पर लोगों ने हंगामा काटा। क्षेत्रीय निवासी राजकुमार नागरथ ने कहा कि सप्ताह में तीन से चार दिन कोई न कोई लाइन टूट रही है, जिस वजह से पानी नहीं मिलता। कोई ऐसा त्योहार नहीं है, जिसमें पानी उपलब्ध हो। हर दिन समस्या हो रही है। वहीं जलकल विभाग के अभियंता रंजीत सिंह ने बताया कि इंटरकनेक्शन के काम के दौरान लोगों ने काम रुकवाने के प्रयास किये, इसलिए देरी हुई और शाम को तय समय पर जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई। देर रात तक काम पूरा करने के बाद जलापूर्ति बहाल की जाएगी।