घर में जन्मदिन पार्टी मनाने के बाद घूमने निकले छह दोस्तों की कार इनर रिंग रोड पर टायर फटने से डिवाइडर और खंभे से टकराकर पलट गई। हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार के दो हिस्से हो गए। पुलिस ने किसी तरह दोस्तों को बाहर निकाला।
नेहरू एनक्लेव स्थित साईं आशियाना निवासी रहमान खान के बेटे काशिफ (18) का मंगलवार को जन्मदिन था। उन्होंने घर पर दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी की थी। पार्टी में उसके दोस्त निखिल, अरशद, आशीष, कृष्णा और कबीर भी आए थे। अरशद अपने पिता की स्कॉर्पियो गाड़ी से आया था। पार्टी के बाद सभी दोस्त स्कॉर्पियो से घूमने निकले। अरशद ने गाड़ी चलाने से मना कर दिया। आशीष गाड़ी चलाने लगा। रात तकरीबन 11 बजे इनर रिंग रोड टोल प्लाजा से पहले यू टर्न लेकर सभी दोस्त वापस घर की तरफ आ रहे थे।
थाना एत्मादपुर की छलेसर चौकी के प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि गाड़ी काफी तेज गति से चल रही थी। रिंग रोड के यमुना पुल पर कार का अगला टायर फट गया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। बाद में बिजली के खंभे से टकराती हुई पलट गई। कार ने तीन से चार पलटे खाए। इससे कार दो हिस्सों में बंट गई। हादसे की जानकारी पर पुलिस और टोलकर्मी पहुंच गए। उन्होंने कार में फंसे दोस्तों को किसी तरह बाहर निकाला।
नेहरू एन्क्लेव स्थित बाधवा नगर निवासी आशीष तोमर (19) पुत्र बादशाह सिंह तोमर, कृष्णा सिंह (16) पुत्र राजकुमार सिंह, राजश्री अपार्टमेंट निवासी निखिल (18) पुत्र गया प्रसाद और सदर स्थित शेरखान बिल्डिंग निवासी अरशद पुत्र असलम खां की मौत हो गई। वहीं कासिफ (18) पुत्र रहमान और कबीर (16) पुत्र कमलेश निवासी नेहरू एन्क्लेव, एकता चौकी घायल हो गए। दोनों को वाटरवर्क्स स्थित सर्वोदय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पर परिजन पहुंच गए। वहीं मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। कृष्णा और आशीष घर में इकलौते बेटे थे।
ये भी पढ़ें: मथुरा में बड़ी वारदात: तीन युवकों ने 17 साल की लड़की को दो मंजिल मकान की छत से फेंका