मैनपुरी। जिले में 863 बालिकाएं अभी भी शिक्षा के अधिकार से वंचित हैं। इन बालिकाओं को शिक्षा का लाभ नहीं मिल सका है। अब योजनाओं के लाभ से वंचित चल रहीं चिह्नित की गईं बालिकाओं को बाल संरक्षण विभाग योजनाओं का लाभ दिलाएगा।
जिले में 863 बालिकाओं को शिक्षा के अधिकार का लाभ नहीं मिला है। पांच से दस साल आयु वर्ग की यह बालिकाएं शिक्षा पाने से वंचित हैं। आर्थिक रूप से कमजोर इन बालिकाओं को बाल विकास मंत्रालय के निर्देश के बाद चिह्नित किया गया है। बालिकाओं को चिह्नित करने के बाद उनको शिक्षा सहित अन्य योजनाओं का भी लाभ दिलाया जाएगा।
मजदूर के परिवारों को मिलेगा लाभ
बाल संरक्षण विभाग द्वारा जिन बालिकाओं की पहचान कराई गई है। उनमें से अधिकांश बालिकाएं मजदूर परिवारों से संबंधित हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों से समन्वय बनाकर वंचित बालिकाओं को शिक्षा का लाभ दिलाया जाएगा। यह परिवार जिन योजनाओं का लाभ पाने से वंचित हैं, उन योजनाओं का भी लाभ पात्रता के आधार पर मिलेगा।
शासन की मंशा बालिकाओं को शिक्षित और स्वावलंबी बनाने की है। जिन परिवारों में शिक्षा से वंचित बालिकाएं मिली हैं। उन बालिकाओं को शिक्षा का लाभ दिलाने के साथ ही उनके परिवारों को वंचित योजनाओं का भी लाभ दिलाया जाएगा।
प्रदीप कुमार, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति