12एमएनपी-27-बेवर में सराफ की दुकान से की गई चोरी के बाद जमा भीड़
- फोटो : MAINPURI
बेवर (मैनपुरी)। सदर चौराहा के निकट स्थित सराफ की दुकान पर ग्राहक बनकर आईं दो महिलाओं ने सोने की 25 अंगूठी पार कर ली। महिलाओं के जाने के बाद सराफ को घटना की जानकारी हो सकी। आनन-फानन में सराफ ने बाजार में महिलाओं को खोजा लेकिन काफी तलाश के बाद भी महिलाओं का पता नहीं लग सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
कस्बा निवासी प्रदीप कुमार की सदर चौराहा के निकट सराफा की दुकान हैं। बुधवार दोपहर उनकी दुकान पर दो महिलाएं आईं और अंगूठी दिखाने को कहा। इस पर प्रदीप ने एक के बाद एक कई तरह की अंगूठी महिलाओं के सामने रख दीं। काफी देर अंगूठी देखने के बाद महिलाओं ने कहा कि उन्हें अभी कुछ समझ में नहीं आ रहा है। वह बाजार में अन्य खरीदारी करने के बाद फिर अंगूठी पसंद करेंगी। इतना कहने के बाद दोनों महिलाएं दुकान से बाहर चलीं गईं। महिलाओं के जाने के बाद जेवरात तिजोरी में रखने से पहले प्रदीप ने मिलान किया तो 25 अंगूठी कम थीं। आनन-फानन में स्थानीय दुकानदारों के साथ प्रदीप ने बाजार में महिलाओं की तलाश की, लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका। इस पर प्रदीप ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पीड़ित ने तहरीर देकर बताया कि चोरी गईं अंगुठियों की कीमत करीब पौने चार लाख है।
नजर चूकते ही वारदात को दिया अंजाम
जनपद में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। दुकान पर आने वाली महिलाएं अथवा पुरुष पहले जेवर दिखाने को कहते हैं और उनके साथ आया शख्स व्यापारी का ध्यान भटकाता है। व्यापारी की नजर चूकते ही शातिर वारदात को अंजाम दे देते हैं।
नहीं लगा है दुकान में सीसीटीवी
सराफ की दुकान में सीसीटीवी भी नहीं हैं। ऐसे में पुलिस आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी खंगालती रही। पुलिस का प्रयास है कि सीसीटीवी की मदद से महिलाओं की शिनाख्त कर गिरफ्तार किया जा सके।
वारदात के संबंध में पुलिस की जांच जारी है। आसपास की दुकानों के सीसीटीवी भी चेक किए जा रहे हैं।
जसवीर सिंह सिरोही, प्रभारी निरीक्षक