मैनपुरी। भाजपा के एक नेता को फोन पर धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भाजपा नेता ने अलग-अलग नंबरों से धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी।
कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले गौरव नंद वर्ष 2022 में बसपा के विधानसभा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़े थे। करारी शिकस्त मिलने के बाद नेता ने भाजपा का दामन थाम लिया था। वर्तमान में गौरव नंद भाजपा के नेता हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 17 दिसंबर 2024 को उनके फोन पर किसी अंजान व्यक्ति ने कॉल की। फोन उठाने पर कहा कि बड़ा नेता बनता है। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। धमकी दिए जाने की इस घटना के बाद नेता व परिजन दहशत में हैं और पहले भी कई बार रिपोर्ट दर्ज कराए जाने को लेकर प्रार्थना पत्र दे चुके थे। नेता ने बताया कि अलग-अलग नंबरों से मिलने वाली धमकियों से अब उन्हें अपनी व परिवार की जान का भी खतरा सता रहा है। मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की। भाजपा नेता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।