पुलिस की मौजूदगी में आरोपी छुड़ाने वालों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
- पथराव कर मंडी से जबरन छुड़ा ले गए थे
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। गिहार कॉलोनी निवासी चोरी के आरोपी को नवीन मंडी में तैनात गार्ड ने पकड़ लिया और पुलिस बुला ली। इसके बावजूद कॉलोनी से आई भीड़ पथराव कर पुलिस की मौजूदगी में आरोपी को छुड़ा ले गई। मंड़ी सचिव की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद व अन्य के खिलाफ बलवा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें गिहार कॉलोनी के लोग मंडी परिसर में पथराव कर रहे थे। उक्त घटना को लेकर मंडी सचिव पंकज शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि 19 जनवरी को गिहार कॉलोनी निवासी पियूष नाम के युवक को मंडी में चोरी के इरादे से घूमते समय गार्ड ने पकड़ा था। इस बीच मंडी गेट चौकी पुलिस को भी वहां पर बुला लिया था। तभी कालोनी से कुछ लोगों की भीड़ वहां पहुंची और सुरक्षा गार्ड से अभद्रता करने लगे। चौकी पुलिस की मौजूदगी के बीच पथराव करते हुए आरोपी को छुड़ा ले गए। पथराव से मंडी के व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। मंडी सचिव की तहरीर पर पुलिस ने पियूष व अन्य भीड़ में शामिल कालोनी के लोगों के विरुद्ध बलवा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।