राममंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम की कवरेज के लिए नोएडा से अयोध्या जा रही एक टीवी चैनल की ओबी (आउटसाइड ब्रॉडकास्टिंग) वैन को पीछे से आ रहे ट्रक ने ओवरटेक करते समय साइड मार दी। इससे वैन असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में वैन चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
यह हादसा सोमवार की सुबह फिरोजाबाद जिले के नसीरपुर थाना क्षेत्र में हुआ। नोएडा से एक टीवी चैनल की ओबी वैन अयोध्या जा रही थी। वैन में चालक के अलावा चैनल के पत्रकार और कैमरामैन भी थे। सुबह जब गाड़ी नसीरपुर थाना क्षेत्र में नसीरपुर कट के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज गति से पीछे से आ रहे एक ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान पीछे की साइड मार दी।
इससे वैन असंतुलित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। सूचना पर नसीरपुर पुलिस और यूपीडा की गाड़ी पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजा। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हादसे में प्रदीप गिरि पुत्र सुदर्शन गिरी, अमित सिंह पुत्र इंद्रदेव सिंह और चालक गोपाल शर्मा पुत्र जगदीश प्रसाद शर्मा निवासी नोएडा घायल हो गए। थाने में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है।