कोरोना काल में रक्षाबंधन के पर्व पर मथुरा के ठाकुर द्वारिकाधीश महाराज को राखियां धराई गईं। देश-विदेश से आईं भक्तों और बहनों की राखियों को द्वारिकाधीश मंदिर में ठाकुरजी के श्रीचरणों में अर्पित कर दिया गया।
मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि भक्तों ने ठाकुरजी के लिए डाक व कोरियर के अलावा विभिन्न माध्यमों से राखी भेजीं। इन राखियों को भक्तों की भावना के अनुरूप ठाकुरजी के चरणों में अर्पित किया गया।
कई भक्त भी अपने हाथ में राखी लेकर आए और भावनात्मक रूप से ठाकुरजी के चरणों में अर्पित कीं। इधर, प्राचीन केशव देव मंदिर में श्रावण राखी पूर्णिमा के उपलक्ष्य में ठाकुरजी का सेवायत गोस्वामी शंकरलाल, मुन्नीलाल, श्यामाचरण एवं गौरव गोस्वामी द्वारा संयुक्त रूप से मंत्रोच्चारण के बीच अभिषेक कराया तथा ठाकुरजी को नवीन पोशाक धारण कराई गई।
रजत हिंडोले में विराजमान किया गया। घेवर-फैनी, फल, फूल का बंगला सजाया गया। अन्य रजत हिंडोले में माता रुक्मिणी-राधा एवं दूसरे रजत हिंडोले में गोपाल जी महाराज को सेवायतों द्वारा झूला झुलाया गया। रंग बिरंगी लाइटों से मंदिर प्रांगण जगमग हो रहा था