शमसाबाद के गांव बड़ोवरा कला में सोमवार देर रात पुलिस कंट्रोल रूम में धार्मिक ग्रंथ फाड़ने की सूचना से पुलिस के होश उड़ गए। फोर्स के साथ अधिकारी मौके पर आ गए। पुलिस ने बाद में दो पक्षों के बच्चों में मारपीट का मामला बताया।
घटना सोमवार आधी रात की है। गांव बड़ोवरा कला के एक व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी कि कुछ लोगों ने उस पर हमला बोला है। धार्मिक ग्रंथ को भी फाड़ दिया है। सूचना ने पुलिस के होश उड़ा दिए। कुछ ही देर में थाना पुलिस मौके पर आ गई। अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। गांव के व्यक्ति का कहना था कि दो लोगों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की। घर में रखे धार्मिक ग्रंथ के कई पन्नों को फाड़ दिया। पुलिस ने गांव के अन्य लोगों से पूछताछ की। मामला दो समुदाय के लोगों से जुड़ा होने के कारण अधिकारियों ने मामला शांत करने के प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस का कहना है कि मामला दो पक्षों के लोगों के बच्चों में मारपीट का है। देर रात तक पुलिस छानबीन में जुटी हुई थी।