डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 86वां दीक्षांत समारोह 21 दिसंबर को होगा। रविवार को विश्वविद्यालय के खंदारी में उसका पूर्वाभ्यास किया गया। वन यूपी गर्ल्स बटालियन की आगरा कॉलेज की एनसीसी कैडेट्स ने कुलाधिपति की भूमिका निभा रहीं गृह विज्ञान संस्थान की निदेशिका प्रो. अचला गक्खड़ को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहीं, पीएसी के बैंड ने धुन के माध्यम से स्वागत किया।
कुलपति आवास पहुंचने से पहले किया पूर्वाभ्यास
विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय के निर्देशन में दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास किया गया। कुलाधिपति का गार्ड ऑफ ऑनर (प्रतीकात्मक रूप से) कुलपति आवास पहुंचने से पहले किया गया। कुलपति आवास में पदक पाने वालों और कार्य परिषद के सदस्यों के साथ फोटोग्राफी की गई। इसके बाद पदक पाने वाले छात्र जेपी सभागार में जाकर बैठ गए। कुछ देर बाद शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सबसे आगे पीएसी का बैंड था। उसके बाद कुलसचिव संजीव कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव, वित्त अधिकारी एके सिंह चल रहे थे। इसी कड़ी में विद्या परिषद, कार्य परिषद और विभिन्न संकायों के सदस्य चल रहे थे।
इन्होंने किया संचालन
प्रभारी कुलपति व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा की भूमिका में विशिष्ट अतिथि बने डॉ. बीडी शुक्ला और सबसे अंत में प्रो. अचला गक्खड़ थीं। ललित कला संस्थान के शिक्षक देवाशीष गांगुली और उनके विद्यार्थियों की ओर से वंदेमातरम गीत के गायन के साथ दीक्षांत समारोह का कार्यक्रम शुरू हुआ। संचालन प्रो. सुगम आनंद ने किया। डीलिट, पीएचडी की उपाधियों के साथ पदक प्रदान किए गए। विश्वविद्यालय में नवनिर्मित और जीर्णोद्धार कराए गए पांच भवनों के लोकार्पण का भी अभ्यास किया गया। राष्ट्रगान के साथ दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास संपन्न हुआ।